छोड़कर सामग्री पर जाएँ
  • Facebook
  • Instagram
  • YouTube
  • LinkedIn
Bharatnama

Bharatnama

तेज़ भी, सटीक भी

  • हिन्दी
  • English
प्राथमिक सूची
  • होम पेज
  • भारत
  • विदेश
  • भू-रणनीति
  • विशेष शृंखला
  • इतिहास
  • स्वास्थ्य
  • फ़ाइनेंस
  • खेल-कूद
  • मनोरंजन
  • व्यापार
लाइट/डार्क बटन
  • मुख पृष्ठ
  • भारत
  • स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी…..
  • भारत

स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी…..

नवम्बर 29, 2026 (अंतिम अद्यतन: नवम्बर 28, 2026) 1 मिनट पढ़ें
gg-4.jpeg

रायपुर: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि हमारी स्थानीय बोली-भाषाएं हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और गौरवशाली विरासत की पहचान हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और मान बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनकी स्थानीय बोली-भाषा में होने से उनकी सीखने की क्षमता, बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और मौलिक प्रतिभा को बढ़ावा मिलता है। हमें अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करते हुए आने वाली पीढ़ियों को इनसे जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी आज रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में निवासरत छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों को राजभाषा दिवस की गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव भी शामिल हुए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सिक्किम की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित समाचार पत्रों, बस्तरिया पत्र-पत्रिकाओं तथा छत्तीसगढ़ के समृद्ध साहित्य को देखने और समझने का अवसर मिला। समारोह में साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन हुआ। श्री चौधरी ने सम्मानित साहित्यकारों और रचनाकारों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

*स्थानीय बोली में प्रारंभिक शिक्षा से मजबूत होती है बच्चों की बौद्धिक क्षमता*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में उनकी स्थानीय भाषा के साथ-साथ स्थानीय बोली का विशेष महत्व है। जब बच्चे अपनी परिचित बोली में सीखना शुरू करते हैं, तो उनमें विषयों को समझने, स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचारों को अभिव्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। इससे उनके आत्मविश्वास, धैर्य, बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व का बेहतर विकास होता है। सीखने की मजबूत बुनियाद तैयार होने के बाद बच्चे अन्य भाषाओं को भी आसानी से सीख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाई गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मातृभाषा और स्थानीय भाषा में प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के पीछे वैज्ञानिक दृष्टिकोण है। शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उनकी मौलिक सोच, रचनात्मकता और नैसर्गिक क्षमताओं को विकसित करना भी होना चाहिए।

*गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस परीक्षा तक की यात्रा के अनुभव किए साझा*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और 18 वर्ष की उम्र तक गांव में ही रहे। बचपन में परिवार के सदस्य उन्हें पाठ रटने के बजाय समझने और अपने शब्दों में लिखने के लिए प्रेरित करते थे।

उन्होंने तीसरी कक्षा की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि परीक्षा में सुबह जल्दी उठने के लाभ से संबंधित प्रश्न का उत्तर उन्होंने अपने अनुभवों और कल्पनाओं के आधार पर लिखा था। निर्धारित उत्तर से अलग लिखने पर शिक्षक ने उन्हें डांटा, लेकिन विद्यालय के प्रधानपाठक ने उनकी मौलिक अभिव्यक्ति को समझा और अपने विचारों को स्वतंत्र रूप से लिखने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री चौधरी ने बताया कि प्रारंभ में वे आधी हिंदी और आधी छत्तीसगढ़ी में अपने विचार लिखते थे। धीरे-धीरे उन्होंने हिंदी में लिखना सीखा और आवश्यकता के अनुरूप अंग्रेजी भी सीखी। पत्र लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उनकी अभिव्यक्ति क्षमता निरंतर विकसित होती गई। उन्होंने बताया कि इसी मौलिक लेखन क्षमता और निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के निबंध प्रश्नपत्र में देशभर में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए।

*अंकों की प्रतिस्पर्धा से अधिक जरूरी है बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा का विकास*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में बच्चों पर अधिकाधिक अंक प्राप्त करने और प्रतियोगिताओं में शीर्ष स्थान हासिल करने का दबाव बढ़ रहा है। हमें इस मानसिकता से आगे बढ़कर बच्चों की रुचि, प्रतिभा, मौलिक चिंतन और रचनात्मक क्षमताओं को पहचानने तथा उन्हें विकसित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने मुंशी प्रेमचंद और जयशंकर प्रसाद जैसे महान साहित्यकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि साहित्य, कला, विज्ञान और तकनीक सहित किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए व्यक्ति की नैसर्गिक प्रतिभा को सम्मान और उचित अवसर देना आवश्यक है। बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रश्न करने और अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलना चाहिए।

*मौलिक चिंतन, ज्ञान और नवाचार से सशक्त होता है समाज और राष्ट्र*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि विश्व के विभिन्न देशों की विकास यात्रा से यह समझने की आवश्यकता है कि ज्ञान आधारित समाज, मौलिक चिंतन, अनुसंधान और नवाचार आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा में भी मौलिक चिंतन और नवाचार का विशेष स्थान रहा है।

उन्होंने औपनिवेशिक काल की शिक्षा व्यवस्था और मैकाले की शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी भाषा, संस्कृति और ज्ञान परंपराओं के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना आवश्यक है। स्थानीय भाषाओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने के प्रयास औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने की दिशा में भी महत्वपूर्ण हैं।

*मजबूरी में नहीं, गर्व और आत्मविश्वास के साथ करें छत्तीसगढ़ी का उपयोग*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने, लिखने और उसके अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए हम सभी को आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए। इसके साथ ही हमें हिंदी और अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं में भी दक्षता हासिल करनी चाहिए, ताकि अपनी मातृभाषा का उपयोग किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि पूरे गर्व और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

उन्होंने कहा कि अन्य भाषाओं में पारंगत होने के बावजूद जब हम अपनी मातृभाषा को प्राथमिकता देते हैं, तो उसका सम्मान और महत्व और अधिक बढ़ता है। छत्तीसगढ़ी भाषा के संवर्धन के लिए साहित्य सृजन, पठन-पाठन और दैनिक जीवन में इसके उपयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा द्वारा छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित भाव से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने साहित्यकारों और रचनाकारों को छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य को निरंतर समृद्ध करने के लिए प्रोत्साहित किया।

*छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव*

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल हमारी भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, माटी और अस्मिता का अटूट हिस्सा है। अपनी राजभाषा को समृद्ध बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों को इससे जोड़ने के लिए सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा, डॉ. रमेंद्रनाथ मिश्रा, श्री बिहारीलाल साहू, डॉ. पी.सी. लाल यादव, श्री दुर्गा पारकर, संस्कृति विभाग के सचिव श्री भारतीदासन, संचालक श्री संजय कन्नौजे, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बिहार सहित साहित्यकार, लेखक, कवि, भाषाप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

पोस्ट नेविगेशन

पिछला: शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी को दी श्रद्धांजलि….
अगला: रिंकू सिंह बन सकते हैं KKR के नए कप्तान, इरफान पठान ने जताया भरोसा

संबंधित कहानियां

gn-2.jpeg
  • भारत

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी को दी श्रद्धांजलि….

नवम्बर 29, 2026
ngng-5.jpeg
  • भारत

छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल….

नवम्बर 29, 2026
n-6.jpg
  • भारत

राष्ट्रीय पहचान की ओर भखारा का आमा तालाब, रामसर साइट के रूप में विकसित करने तेज हुए प्रयास …..

नवम्बर 29, 2026

Archives

  • नवम्बर 2026
  • अगस्त 2026
  • जुलाई 2026
  • जून 2026
  • मई 2026
  • अप्रैल 2026

Categories

  • इतिहास
  • खेल-कूद
  • फ़ाइनेंस
  • भारत
  • भू-रणनीति
  • मनोरंजन
  • विदेश
  • विशेष शृंखला
  • व्यापार
  • स्वास्थ्य

आप चूक गए होंगे

28A_124.jpg
  • विदेश

पुतिन ने जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलों से लैस परमाणु पनडुब्बी नौसेना में शामिल की

नवम्बर 29, 2026
28A_119.jpg
  • विदेश

सबसे बड़े इस्लामिक देश ने मक्का पैक्ट से बनाई दूरी, मुस्लिम ब्रदरहुड को बड़ा झटका

नवम्बर 29, 2026
28A_226.jpg
  • खेल-कूद

रिंकू सिंह बन सकते हैं KKR के नए कप्तान, इरफान पठान ने जताया भरोसा

नवम्बर 29, 2026
gg-4.jpeg
  • भारत

स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी…..

नवम्बर 29, 2026
  • Facebook
  • Instagram
  • YouTube
  • LinkedIn
  • हमारे बारे में
  • संपर्क करें
  • हमारे साथ विज्ञापन करें
  • गोपनीयता नीति
All rights reserved © 2026 | Archidust Communication | ReviewNews द्धारा AF themes.