कोलकाता | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस की हार के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफ़ा देने से साफ़ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव नहीं हारी हैं, इसलिए पद छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे संवैधानिक परंपराओं के ख़िलाफ़ बताया है।
ममता बनर्जी का बयान
चुनाव परिणामों के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा,
“मैं क्यों इस्तीफ़ा दूं? हम हारे नहीं हैं। अगर हार का कोई ठोस सबूत होता तो मैं इस्तीफ़ा देती। ज़बरदस्ती कोई मुझसे इस्तीफ़ा नहीं दिलवा सकता।”
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में उनकी पार्टी की हार के लिए आयोग ज़िम्मेदार है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के “अत्याचारों” के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगी और पार्टी नेताओं के साथ आगे की रणनीति तय करेंगी।
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी प्रवक्ता देबजीत सरकार ने ममता बनर्जी के बयान को “हास्यास्पद” बताया। उन्होंने कहा,
“संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास करने वाला कोई भी व्यक्ति इस तरह की बातें नहीं कर सकता। यह सिर्फ सुर्खियों में बने रहने की कोशिश है।”
संविधान क्या कहता है?
भारत के संविधान में मुख्यमंत्री के पद और उसकी वैधता को लेकर स्पष्ट प्रावधान हैं:
अनुच्छेद 164
- भारतीय संविधान का अनुच्छेद 164 के अनुसार मुख्यमंत्री राज्यपाल की “इच्छा” तक पद पर बने रहते हैं।
- यह “इच्छा” व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विधानसभा में बहुमत के समर्थन पर आधारित होती है।
- चुनाव के बाद राज्यपाल बहुमत वाली पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं।
बहुमत का महत्व
यदि किसी मुख्यमंत्री के पास विधानसभा में बहुमत नहीं रहता, तो उनका पद पर बने रहना संवैधानिक रूप से संभव नहीं होता। ऐसे में:
मुख्यमंत्री इस्तीफ़ा दे सकते हैं, या
राज्यपाल मंत्रिपरिषद को बर्खास्त कर सकते हैं।
अनुच्छेद 172
- भारतीय संविधान का अनुच्छेद 164 के मुताबिक, विधानसभा का कार्यकाल 5 साल का होता है।
- कार्यकाल समाप्त होते ही विधानसभा स्वतः भंग हो जाती है और नई सरकार का गठन होता है।
विशेषज्ञों की राय
संवैधानिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस्तीफ़ा देना एक स्थापित परंपरा है, हालांकि यह हमेशा अनिवार्य कानूनी शर्त नहीं होती।
- संवैधानिक विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्यमंत्री का पद विधानसभा के विश्वास पर टिका होता है।
- यदि नई विधानसभा में बहुमत नहीं है, तो मुख्यमंत्री पद पर बने नहीं रह सकते।
- इस्तीफ़ा देना जनादेश को स्वीकार करने का प्रतीक माना जाता है, जबकि कानूनी रूप से राज्यपाल नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
पूर्व लोकसभा महासचिव पीडीटी आचार्य का कहना है कि तकनीकी रूप से मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफ़ा देने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन वे केवल नई सरकार के शपथ लेने तक ही पद पर बने रह सकते हैं।
ममता बनर्जी का इस्तीफ़ा न देने का फैसला राजनीतिक रूप से भले ही चर्चा का विषय हो, लेकिन संवैधानिक व्यवस्था साफ़ तौर पर बहुमत के सिद्धांत पर आधारित है। अंततः राज्यपाल की भूमिका और नई विधानसभा में बहुमत का समर्थन तय करेगा कि अगली सरकार कौन बनाएगा।
